संतोष उपाध्याय पैरवी और न्याय दीप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 11, 2026
- 28 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डिहरी आनसोन रोहतास। “पर्यावरण में हमारी भूमिका : राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य” विषयक कार्यक्रम
में बोलते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के विख्यात पर्यावरणविद् अजय झा ने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के गंभीर संकट से गुजर रही है। मौसम में हो रहे अचानक और असामान्य बदलावों ने खेती, जल, स्वास्थ्य और जैव विविधता — सभी को गहरे रूप में प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि जलवायु संकट के समाधान को लेकर दुनिया में कई तरह के सैद्धांतिक मॉडल सामने आ रहे हैं — कोई इसे पैसे और बाजार आधारित हल से ठीक करना चाहता है, तो कोई तकनीक के भरोसे। लेकिन इस पूरी समस्या के केंद्र में मानव की भूमिका है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अजय झा ने स्पष्ट किया कि आज भी गरीब और विकासशील देशों में बड़ी मात्रा में जीवाश्म ईंधन (कोयला, पेट्रोल, डीज़ल, गैस) जलाकर ऊर्जा पैदा की जा रही है, जिसका वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में लगभग 73 प्रतिशत योगदान है।
उन्होंने इस असमानता को उजागर करते हुए कहा कि दुनिया में ऊर्जा से होने वाले कुल उत्सर्जन का लगभग 25 प्रतिशत केवल 1 प्रतिशत सबसे अमीर लोग करते हैं, जबकि शीर्ष 10 प्रतिशत आबादी लगभग 50 प्रतिशत ऊर्जा का उपभोग करती है। इसके विपरीत, दुनिया की बहुसंख्यक आबादी कम संसाधनों में जीवन जीते हुए भी प्रकृति पर न्यूनतम दबाव डालती है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की राह सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और नवीकरणीय स्रोतों में ही है। यही वे रास्ते हैं जिनसे हम विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बना सकते हैं। जलवायु न्याय की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए उन्होंने जोर दिया कि संकट का बोझ उन लोगों पर नहीं डाला जा सकता जिन्होंने इसे पैदा नहीं किया।
अजय झा ने कहा कि अगर हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को बचाना है तो हमें उपभोग की संस्कृति, ऊर्जा नीति और विकास के मॉडल पर गंभीर पुनर्विचार करना होगा। यही हमारी राष्ट्रीय और वैश्विक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की
अध्यक्षता डेहरी अनुमंडल विधिज्ञ संघ के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय उर्फ मुटुर पाण्डेय ने किया तथा
संचालन - संतोष उपाध्याय
ने की। इस मौके पर समाज सेवी जितेंद्र गुप्ता, अधिवक्ता चंद्रिका राम,
दीनबंधु वत्स ,पंजक सिंह एडवोकेट अरुण कुमार सिंह,नरेंद्र कुमार ,अरुण उपाध्याय ,विवेक राज , प्रदीप दास, अभिषेक बोस सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


रिपोर्टर