युवक की संदिग्ध मौत से आक्रोशित परिजनों ने जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चौक पर शव रख आवागमन को किया अवरूद्ध, प्रशासन की आश्वासन के बाद आवागमन हुआ संचालित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 15, 2026
- 101 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के सोनहन-भभुआं पथ टेढ़वा मोड़ के पास पूरब पोखरा क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विशाल चौरसिया के रूप में हुई है, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय भभुआं के मुख्य एकता चौक पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया-- घंटों चले सड़क जाम और हंगामे के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर जाम हटाया गया।
सड़क किनारे पानी में मिली थी डेड बॉडी
जानकारी के अनुसार, विशाल चौरसिया बीती रात अपनी बाइक से किसी निजी काम के लिए निकले थे। बुधवार सुबह उनका शव पूरब पोखरा के पास सड़क किनारे पानी में मिला। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल भभुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की साजिश बताया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर के मुख्य एकता चौक को जाम कर दिया।
अधिकारियों ने संभाली कमान
जाम की सूचना मिलते ही भभुआ एसडीएम अमित कुमार और डीएसपी मनोरंजन भारती दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक बाइक से कहीं जा रहा था, तभी यह घटना घटी। परिजनों ने उचित अनुसंधान और दोषियों को सजा देने की मांग की है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
प्रशासन का कहना
भभुआं डीएसपी मनोरंजन भारती ने कहा कि युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों में काफी आक्रोश था। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए जाम हटवा दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही मौत की असली वजह सामने आ जाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य और अन्य पहलुओं पर काम कर रही है। युवक की मौत के बाद से शहर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग पुलिसिया कार्रवाई के इंतजार में हैं।


रिपोर्टर