दहेज की खातिर शादी के एक साल के भीतर विवाहिता की हत्या, 12 घंटे में आरोपी पति गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 15, 2026
- 93 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के महुआरी गांव में दहेज के लोभ में एक विवाहिता की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक साल पहले महुआरी निवासी देवमुनी चौहान से हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के कोचस थाना अंतर्गत ग्राम कुछिला निवासी चंद्रजीत चौधरी ने 13 जनवरी की रात्रि सोनहन थानाध्यक्ष को सूचना दी कि उनके दामाद देवमुनी चौहान ने दहेज की खातिर उनकी पुत्री प्रीति कुमारी की हत्या ससुराल में कर दी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ महुआरी गांव पहुँचे, जहाँ मृतिका का शव घर के एक कमरे में बिछावन पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया है।
इस मामले में मृतिका की माँ रिंकू देवी के आवेदन पर सोनहन थाना कांड संख्या-14/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी की और हत्या के मुख्य आरोपी पति देवमुनी चौहान को 12 घंटे के अंदर दबोच लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।


रिपोर्टर