44 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर किया जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

ब्यूरो चीफ गया जी की रिपोर्ट 

गया-- दिनांक 19.01.2026 से 26.01.2026 तक 44 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्यक्षेत्र में कार्यवाहक कमांडेंट गोविंद कुमार ठाकुर के निर्देशन में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के सभी समवाय क्षेत्रों में स्कूलों, गांवों एवं सामुदायिक भवनों में तिरंगा रैली, निबंध लेखन तथा खेल-कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र गौरव और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा। जवानों एवं अधिकारियों ने शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में इस महापर्व को मनाने हेतु लोगों को जागरूक किया। समवाय प्रभारी ने बताया कि राष्ट्रगीत देश के गौरव को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इसे एक वर्ष तक मनाने का निर्णय लिया गया है।

बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित यह राष्ट्रगीत 7 नवंबर 1875 से देशवासियों को प्रेरित करता आ रहा है। वंदे मातरम् का यह अनंत राष्ट्र-प्रेम ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और सामूहिक संकल्प के साथ नए भारत के निर्माण हेतु प्रेरणा देता है। इस 150वीं वर्षगांठ को राष्ट्रव्यापी जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, ताकि इस गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान सभी समवाय प्रभारी, सहायक कमांडेंट सागर मलिक, सहायक कमांडेंट निर्मल चकमा, सहायक कमांडेंट परिमल कुमार मंडल, सहायक कमांडेंट सेरिंग अकुल, निरीक्षक/उप निरीक्षक बहादुर लाल, बलबीर राम सहित अधीनस्थ अधिकारी, बलकर्मी, विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं लगभग 300 ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट