डीएम एवं महापौर ने पिंक टायलेट का उद्घाटन किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 21, 2026
- 55 views
रोहतास ।महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है ।सासाराम में दो अत्याधुनिक पिंक टॉयलेट का उद्घाटन किया गया।
नगर निगम सासाराम क्षेत्र में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। उदिता सिंह, जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं काजल कुमारी, माननीय महापौर, सासाराम द्वारा संयुक्त रूप से नगर निगम क्षेत्र में स्थापित दो पिंक टॉयलेट का विधिवत उद्घाटन किया गया।
ये पिंक टॉयलेट पोस्ट ऑफिस चौक एवं धर्मशाला रोड रेलवे स्टेशन, सासाराम जैसे प्रमुख एवं व्यस्त सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित किए गए हैं, जिससे महिलाओं को दैनिक आवागमन के दौरान स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय सुविधा उपलब्ध हो सके।
इन दोनों महिला शौचालयों में महिलाओं की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई गई है। साथ ही, माताओं की सुविधा हेतु फीडिंग पॉइंट की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पिंक टॉयलेट में गार्ड रूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
शौचालयों में महिलाओं की सुविधा के अनुरूप पाश्चात्य (वेस्टर्न) एवं भारतीय शैली—दोनों प्रकार की सीटें लगाई गई हैं। स्वच्छता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पिंक टॉयलेट में महिला केयरटेकर एवं महिला सफाईकर्मी की तैनाती की गई है।
इस अवसर पर विकास कुमार, नगर आयुक्त, विजय कुमार पांडेय, उप विकास आयुक्त, ललित भूषण रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी, ज़फर हसन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं माननीय महापौर ने कहा कि पिंक टॉयलेट की यह पहल महिलाओं को सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानजनक, सुरक्षित एवं स्वच्छ सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। इससे न केवल महिलाओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की महिला हितैषी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।


रिपोर्टर