मछली मारने के विवाद में हुई थी हत्या, पुलिस ने दूसरे फरार आरोपी को भी दबोचा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 24, 2026
- 15 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- भभुआं थाना पुलिस ने हत्याकांड के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी पारस बिंद को सूअरा नदी के पास से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। इस मामले का खुलासा भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेसवार्ता के दौरान किया।
बता दें कि बीते 21 जनवरी 2025 को भभुआ थाना क्षेत्र के सुअरा नदी के पास से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान भभुआ वार्ड संख्या 15, दक्षिण मोहल्ला निवासी मोहित मल्लाह के रूप में की गई थी। इस संबंध में मृतक के पुत्र लाल बाबू मल्लाह ने भभुआ थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के एक आरोपी राम बचन मल्लाह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि पारस बिंद पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि पुलिस अनुसंधान और आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक और आरोपी एक साथ मिलकर मछली मारने का काम करते थे। मछली मारने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में मोहित मल्लाह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने फरार चल रहे पारस बिंद की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की और अंततः उसे सूअरा नदी के पास से धर दबोचा। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी सूक्ष्मता से जांच कर रही है।


रिपोर्टर