विभाग संकल्पित है बदलाव के लिए, बदलाव की बयार में आपका सहयोग चाहिए: विजय कुमार सिन्हा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 29, 2026
- 32 views
जनसंवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी रहे उपस्थित
ब्यूरो चीफ प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- भूमि से जुड़े मामलों में वर्षों से चली आ रही जटिलताओं, अनावश्यक देरी और आमजन की परेशानियों के समाधान हेतु उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा प्रारंभ किया गया भूमि सुधार जनकल्याण संवाद अब प्रभावी रूप से परिणाम देने लगा है। गया जिले के बोधगया में आयोजित संवाद कार्यक्रम में श्री सिन्हा ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल भाषण तक सीमित नहीं, बल्कि जनता की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का माध्यम है। उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि भूमि सुधार एक जटिल विषय है, जिसे संवाद और व्यवहारिक समाधान से ही सुलझाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से विभाग द्वारा पहले 100 दिनों में प्रमंडल और जिला स्तर पर जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं, आवश्यकता पड़ने पर इसे अंचल स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैनिकों एवं सुरक्षाकर्मियों से जुड़े मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।उन्होंने बताया कि विभाग की सभी सेवाएं अब पूर्णतः ऑनलाइन हैं, जिनके लिए बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। परिमार्जन प्लस के अंतर्गत पहली बार स्पष्ट समय-सीमा तय की गई है। वहीं अविवादित एवं विवादित जमीन की मापी को भी तय समय में पूरा किया जा रहा है। श्री सिन्हा ने दो टूक कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे कॉल सेंटर एवं जनसंवाद के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज कराएं, जानकारी के लिए विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800 3456 215 पर संपर्क कर सकते हैं। इस नंबर पर दर्ज शिकायतों को रिकॉर्ड में लेकर उनकी नियमित मॉनिटरिंग के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। साथ ही कैथी लिपि में उपलब्ध पुराने दस्तावेजों की समस्या के समाधान हेतु विशेषज्ञों का पैनल गठित किया गया है, जिससे आम लोगों को अनुवाद एवं सत्यापन में सुविधा मिल सकेगी। यह पहल भूमि संबंधी मामलों के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन में सहायक सिद्ध होगी।इस अवसर पर प्रधान सचिव सीके अनिल, सचिव जय सिंह, विशेष सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव अजीव वत्सराज, मगध प्रमंडल की आयुक्त एएन सफीना, जिलाधिकारी गया शशांक शुभंकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गया सुशील कुमार, अपर जिलाधिकारी परितोष कुमार, उपनिदेशक मोना झा, ओएसडी अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी, आईटी मैनेजर आनंद शंकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर