दीपावली पर मुसहर बस्ती में पुलिस अधिकारियों ने बांटी खुशियां, मिठाई और कंबल पाकर खिल उठे गरीबों के चेहरे

सहायक पुलिस अधीक्षक मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता एवं प्रभारी निरीक्षक बरसठी जय प्रकाश यादव ने ग्राम गोठांव पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच किया मिष्ठान और कंबल वितरण


बरसठी (जौनपुर)। दीपावली का त्योहार समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशियों का उजाला लेकर आए, इसी उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। दीपावली के पावन अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता एवं प्रभारी निरीक्षक बरसठी जय प्रकाश यादव ग्राम गोठांव की मुसहर बस्ती पहुंचे। वहां उन्होंने जरूरतमंद परिवारों के बीच मिष्ठान एवं कंबल का वितरण कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर बस्ती के लोगों के चेहरे खिल उठे।

इस दौरान अधिकारियों ने बस्ती में रहने वाले परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के बीच मिठाई वितरित कर त्योहार की खुशियों में सभी को शामिल किया। वहीं जरूरतमंद परिवारों को कंबल देकर उन्हें ठंड से बचाव के लिए सहायता प्रदान की। अचानक पुलिस अधिकारियों के पहुंचने और इस तरह खुशियां बांटने से बस्ती के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहार केवल अपने परिवार के साथ खुशियां मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों के साथ खुशियां साझा करने का भी पर्व है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना हम सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के साथ बेहतर संबंध स्थापित करना और जरूरत के समय उनकी मदद के लिए आगे आना भी है।

इस पहल से पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूती मिली। बस्ती के लोगों ने पुलिस अधिकारियों की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। दीपावली के अवसर पर पुलिस अधिकारियों द्वारा जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट