जमीन विवाद में अपनों ने ही बहाया खून, पटीदारों की पिटाई से घायल युवक की वाराणसी में मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 03, 2026
- 6 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर - जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा कला गांव में जमीन के एक टुकड़े के लिए शुरू हुआ विवाद खूनी खेल में बदल गया। पटीदारों के साथ हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल चंदन सिंह (32 वर्ष) की मंगलवार सुबह वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। चंदन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में सन्नाटा पसर गया। मृतक अपने पीछे पांच साल का बेटा और तीन साल की मासूम बेटी छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
जानकारी के अनुसार, कटरा कला निवासी राम मिश्रित सिंह के पुत्र चंदन सिंह का अपने पटीदारों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। सोमवार को विवाद तब हिंसक रूप ले लिया जब पटीदार पक्ष के लोग विवादित जमीन पर निर्माण कार्य करने लगे। चंदन सिंह ने जब मौके पर पहुंचकर काम रोकने की कोशिश की, तो दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते पटीदारों ने लाठी-डंडों से चंदन पर हमला बोल दिया और उन्हें बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर स्थिति में चंदन को मोहनिया स्थित अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां मंगलवार तड़के करीब 5 बजे जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए चंदन ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस की टीम वाराणसी पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
इधर, इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने मोहनिया थाने में न्याय की गुहार लगाई है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर एक महिला सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।


रिपोर्टर