देवी जी मंदिर से सोने का नथिया चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, CCTV से हुआ खुलासा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 04, 2026
- 3 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- भभुआं थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया देवी जी का सोने का नथिया भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भभुआ वार्ड नंबर 11 निवासी दिनेश कुमार गोंड (27 वर्ष), पिता वीरेन्द्र प्रसाद गोंड के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बीते 2 फरवरी को भभुआ थाना क्षेत्र स्थित देवी जी मंदिर में एक अज्ञात चोर ने माता के श्रृंगार में शामिल सोने के नथिया की चोरी कर ली थी। धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और भभुआ थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोर की पहचान सुनिश्चित की और संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी कर दिनेश कुमार गोंड को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया सोने का नथिया बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे अग्रतर कार्रवाई हेतु न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।


रिपोर्टर