“शोषण मुक्त बचपन” अभियान के तहत POCSO व गुड टच–बैड टच पर जागरूकता कार्यक्रम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Feb 18, 2026
- 3 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डिहरी आनसोन।बिभर्ते एनजीओ एवं JU Agri Sciences Private Limited के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे मिशन “शोषण मुक्त बचपन” के अंतर्गत बच्चों के बीच POCSO एक्ट एवं गुड टच–बैड टच विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पांचवे और छठे चरण में नारायणपुर (रोहतास) स्थित मध्य विद्यालय तथा तेनुअज (नटवार) मध्य विद्यालय में विशेष सत्र आयोजित किए गए।
इस अवसर पर एनजीओ के प्रेसिडेंट एलएलबी सीए मोहन सिंह, दिवाकर जी, पवन सिंह एवं अमन शर्मा उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने बच्चों को POCSO एक्ट के प्रावधानों, गुड टच–बैड टच की पहचान, अपनी सुरक्षा के अधिकार और किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में तुरंत जानकारी देने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया। दोनों विद्यालयों को मिलाकर लगभग 1,500 बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बिभर्ते एनजीओ की पूरी टीम तथा JU Agri Sciences की टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और जागरूकता का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।
इस मौके पर बताया गया कि बिभर्ते एनजीओ, JU Agri Sciences के सहयोग से आगामी समय में बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लगभग 50 स्कूलों में इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
बिभर्ते एनजीओ महिला सशक्तिकरण के लिए “नारी रक्षार्थ” कैंपेन भी संचालित करती है, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाया जाता है। इसी अभियान के अंतर्गत POCSO एक्ट एवं गुड टच–बैड टच जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं। साथ ही, संस्था द्वारा प्रतिवर्ष “ICONIC WOMEN OF THE YEAR” सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाता है।
संस्था के अनुसार, अब तक देशभर की लगभग 1,00,000 से अधिक महिलाओं को “नारी रक्षार्थ” अभियान से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा चुका है।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—
“हर बच्चे की सुरक्षा है हमारी जिम्मेदारी।
हर बच्चा हो सुरक्षित, हर बच्चा सम्मानित।”


रिपोर्टर