दुर्गा पूजा, भरत मिलाप और दशहरा मेले को लेकर बरसठी थाने में पीस कमेटी की बैठक

मूर्ति की ऊंचाई लगभग आठ फीट से अधिक न रखने और अश्लील व सांप्रदायिक गानों पर रोक के निर्देश


बरसठी (जौनपुर)। दुर्गा पूजा, भरत मिलाप और दशहरा मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को बरसठी थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों से मूर्ति स्थापित करने वाले आयोजक तथा गणमान्य लोग शामिल हुए।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने आयोजकों को निर्देश दिया कि मूर्ति को ट्रैक्टर पर ले जाते समय उसकी ऊंचाई आठ फीट से अधिक न हो। बिजली के तारों और हाईटेंशन लाइन से किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जुलूस के दौरान अश्लील और सांप्रदायिक गाने बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी भी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न होने पर आयोजकों की जिम्मेदारी तय करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के मद्देनजर मूर्ति के पास आग से बचाव के लिए बालू और पानी से भरी बाल्टियां रखने तथा हर समय दो लोगों को निगरानी के लिए मौजूद रहने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आयोजकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। बैठक में उपनिरीक्षक अम्ब्रीश सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक अनिल यादव, परियत प्रधान रईस अहमद, निगोह प्रधान राजकुमार गुप्ता, मुन्नु शुक्ला समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों के आयोजक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट