ट्रेन के लावारिस बैग से 10.4 किलो गांजा बरामद, सवा पांच लाख रुपये आंकी गई कीमत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 20, 2026
- 4 views
गाड़ी संख्या-12801 के कोच बी-5 से मिला बैग, सीओ की मौजूदगी में हुई जब्ती की कानूनी कार्रवाई, जीआरपी ने दर्ज की एफआईआर
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर/डीडीयू :- स्थानीय भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार (18 फरवरी 2026) को आरपीएफ की एस्कॉर्ट टीम ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी संख्या-12801 (अप) से करीब 10.4 किलोग्राम लावारिस गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में राजकीय रेल थाना (जीआरपी) भभुआ रोड में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गाड़ी संख्या-12801 अप में मार्ग रक्षण (एस्कॉर्ट) ड्यूटी पर प्रधान आरक्षी मुहम्मद सुल्तान आलम और आरक्षी विश्वजीत कुमार तैनात थे। जैसे ही ट्रेन भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी, जवानों की नजर कोच संख्या-बी 5 के गेट के पास रखे एक कथई (ब्राउन) रंग के लावारिस बैग पर पड़ी। जवानों ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने उस बैग पर अपना दावा नहीं किया।
संदेह होने पर जवानों ने तुरंत इसकी सूचना सुरक्षा नियंत्रण कक्ष (डीडीयू) को दी। चूंकि घटनास्थल भभुआ रोड रेलवे स्टेशन था, इसलिए नियंत्रण कक्ष ने विधिक कार्रवाई भभुआ रोड स्टेशन पर ही करने के निर्देश दिए। ट्रेन के डीडीयू स्टेशन पहुंचने पर सुरक्षाबलों ने लावारिस बैग को अपने कब्जे में लिया और गाड़ी संख्या-12308 (डाउन) के जरिए विधिक कार्रवाई के लिए उसे वापस भभुआ रोड रेलवे स्टेशन लाया गया।
भभुआ रोड स्टेशन पर दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी (मोहनिया) श्री दिलीप कुमार को बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में हमराह बल के सदस्यों— प्रधान आरक्षी मुहम्मद सुल्तान आलम, आरक्षी विश्वजीत कुमार और आरक्षी राहुल कुमार को गवाह बनाते हुए बैग की तलाशी ली गई। बैग खुलते ही उसमें से ब्राउन रंग के सेलो टेप में लिपटे गांजे के 05 बंडल मिले। वजन करने पर गांजे की मात्रा करीब 10.4 किलोग्राम पाई गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 5,25,000/- (पांच लाख पच्चीस हजार रुपये) है।
माननीय न्यायालय के दिशा-निर्देशों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए, सहायक उप निरीक्षक घनश्याम विजय तिवारी द्वारा रात 8:30 बजे विधिवत जब्ती सूची तैयार कर गांजे को जब्त किया गया। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद, जब्त किए गए लावारिस गांजे को एक लिखित शिकायत पत्र के साथ राजकीय रेल थाना (जीआरपी) भभुआ रोड को सौंप दिया गया। जीआरपी भभुआ रोड ने शिकायत के आधार पर कांड संख्या-06/26 पंजीकृत कर तस्करों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्टर