कैमूर में जाम के खिलाफ प्रशासन का 'हंटर', मोहनिया से हटा अतिक्रमण

रिपोर्ट संदिप कुमार 



कैमूर --- जिले के मोहनिया में एंबुलेंस से लेकर स्कूली बच्चों तक की राह रोकने वाले अतिक्रमणकारियों पर अब प्रशासन का चाबुक चला है। मोहनिया के 'हार्ट' कहे जाने वाले चांदनी चौक से लेकर रामगढ़, भभुआ और दुर्गावती रोड तक आज नगर पंचायत और भारी पुलिस बल ने मिलकर एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क पर अवैध कब्जा जमाने वाले ठेले-खुमचे, फल-सब्जी की दुकानों और बेतरतीब खड़े ऑटो व ई-रिक्शा को न सिर्फ हटाया गया, बल्कि उनका सामान जब्त कर 2500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।


अक्सर स्टूवरगंज और अंडरपास के पास होने वाले इस अतिक्रमण से निपटने के लिए अब प्रशासन ने 'परमानेंट इलाज' ढूंढ लिया है। मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि अब एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है जो सुबह-शाम इन रास्तों का औचक निरीक्षण करेगी। साथ ही, सड़कों को खाली रखने के लिए एक नई पार्किंग की जगह भी तलाशी जा रही है। एसडीपीओ प्रदीप कुमार और थानाध्यक्ष आलोक कुमार की मौजूदगी में हुए इस एक्शन के बाद, अब देखना यह होगा कि मोहनिया की सड़कें कब तक अतिक्रमण मुक्त और फर्राटेदार बनी रहती हैं।"

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट