उत्कृष्ट कार्य करने (लक्ष्य पूर्ति) करने वाले शाखा प्रबंधकों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Feb 26, 2026
- 70 views
राजगढ़
जिले में विभिन्न बैंकिंग एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय सलाहकार समीक्षा समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा विभिन्न योजनाओं की प्रगति संबंधी विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में प्रधानमंत्री जन-धन योजना, पीएम स्वनिधि योजना 2.0, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम विश्वकर्मा योजना, एनआरएलएम तथा अन्य स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई। अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा बताया गया कि वित्तीय समावेशन के अंतर्गत अधिकाधिक हितग्राहियों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं लक्ष्य अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण स्वीकृति प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी लेकर शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैठक में एनआरएलएम योजना अंतर्गत लंबित राजस्व वसूली प्रकरणों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से बीएलसी/बैंकर्स लेवल बैठक में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जिले के सभी पात्र किसानों का केसीसी बनाया जाना अनिवार्य है तथा सब्सिडी संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए बैंकों को बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं सीएम हेल्पलाइन टीम की सराहना की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा सभी बैंकर्स को पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत लोन वितरण को गंभीरता से लेते हुए वितरण करने के निर्देश दिए गए।
जिला अंत्यावसायी विभाग द्वारा संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना/ डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजनान्तर्गत उत्कृष्ट कार्य करने (लक्ष्य पूर्ति) करने वाले शाखा प्रबंधकों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिनमें श्री सुखबीर सिंह, श्री उपेन्द्र कुमार, श्री मिथलेश कुमार गुप्ता, श्री राजेश रघुवंशी, श्री राजेन्द्र सिंह केलवा, श्री लखनलाल मालवीय, श्री संदीप, श्री दिलीप पाटीदार, श्री प्रितम सिंह, श्री पवन राज सिंह चौहान, श्री प्रफुल्ल सिंह, श्री राजकुमार, श्री उमेश एवं श्री अमित मीना के नाम शामिल हैं। इस अवसर पर श्री अर्जुन कुमार मालवीय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला अंत्यावसायी, श्री कमल सिंह पंवार कार्यालय सहायक जिला अंत्यावसायी विभाग सहित संबंधित बैकर्स के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर