रामपुर की पुरानी बाजार में लटकते बिजली के तारों का एसडीएम ने किया निरीक्षण
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 18, 2026
- 4 views
एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय और सीओ गोल्डी गुप्ता ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
रामपुर (जौनपुर)। नगर पंचायत रामपुर की पुरानी बाजार में पूजा पंडालों के आसपास नीचे लटक रहे बिजली के तारों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय और सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों के आसपास लटक रहे बिजली के तारों को गंभीरता से देखा। पूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को देखते हुए बिजली के तारों से किसी प्रकार की दुर्घटना होने की आशंका पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभाग के कर्मचारियों को बिजली के तारों से जुड़े संभावित खतरों को दूर करने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि पूजा आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इस दौरान रामपुर के थानाध्यक्ष रमेश कुमार और नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल भी मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को पुरानी बाजार में पूजा पंडालों के आसपास नीचे लटक रहे बिजली के तारों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने की जरूरत बताई। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों और संबंधित कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने तथा किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की सक्रियता से पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता देखने को मिली।


रिपोर्टर