मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विधायक नरसिंहगढ़ शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया उप स्वास्थ्य केंद्र तलेन का औचक निरीक्षण

गर्भवती माताओं की ईएनसी पोर्टल पर प्रविष्टि, दवाइयों के स्टॉक एवं स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी


 तलेन । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विधायक नरसिंहगढ़ श्री मोहन शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने उप स्वास्थ्य केंद्र तलेन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, गर्भवती माताओं की प्रारंभिक प्रसवपूर्व जांच (ईएनसी) से संबंधित पोर्टल प्रविष्टियों तथा दवाइयों के स्टॉक की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। विधायक नरसिंहगढ़ श्री शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्टाफ से वन-टू-वन चर्चा कर गर्भवती माताओं की ईएनसी प्रविष्टि, उपलब्ध दवाइयों के भंडारण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती माताओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि गर्भवती माताओं की ईएनसी से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर समयबद्ध एवं नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने से गर्भवती माताओं को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी एवं समीक्षा प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन, अभिलेखों के संधारण तथा दवाइयों की उपलब्धता एवं उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत किए जा रहे निरीक्षणों का उद्देश्य शासकीय संस्थाओं में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा आमजन को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट