अष्टमी पर लालगढ़ चौक व कजरहां में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने फोड़े नारियल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 18, 2026
- 1 views
------------------------
जिला शिवहर/डुमरी कटसरी। शारदीय दुर्गा पूजा की अष्टमी के अवसर पर डुमरी कटसरी प्रखंड की मकसूदपुर कररिया पंचायत अंतर्गत लालगढ़ चौक एवं लालगढ़ टोले पार कजरहां स्थित मां दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन और नारियल फोड़ने के लिए सुबह से ही हजारों की संख्या में भक्त पहुंचने लगे। दोनों पूजा स्थलों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला।
अष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की भीड़ से पूजा पंडाल गुलजार रहे। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कजरहां में धूमधाम से मनाया जा रहा दुर्गा पूजा महोत्सव
लालगढ़ टोले पार कजरहां स्थित जय माता दी समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाई जा रही है। समिति की ओर से पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के मनोरंजन के लिए मेले का भी आयोजन किया गया है। पूजा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जय माता दी पूजा समिति के अध्यक्ष राम बाबू सिंह, कोषाध्यक्ष ललन सिंह, सचिव राजा बाबू सहित समिति के अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ से पूरे क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।


रिपोर्टर