स्कूलों व गांवों में आग से बचाव हेतु लोगो को किया गया जागरूक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Feb 26, 2026
- 2 views
संवाददाता,पारसनाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन (रोहतास): आगजनी की घटनाओं से बचाव एवं लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अग्निशमालय डेहरी के पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा विभिन्न गांवों, विद्यालयों, मध्य विद्यालयों, उच्च विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान शिक्षकों, रसोइयों एवं विद्यार्थियों को आग से सुरक्षा एवं बचाव के संबंध में प्रायोगिक माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, गैस सिलेंडर में आग लगने पर बचाव के उपाय, विद्युत शॉर्ट सर्किट से बचाव, तथा प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। बच्चों को विशेष रूप से सिखाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लें तथा तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें। होलिका दहन के अवसर को ध्यान में रखते हुए टीम ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की। बताया गया कि होलिका दहन खुले और सुरक्षित स्थान पर करें, आसपास ज्वलनशील पदार्थ न रखें तथा पानी या बालू की व्यवस्था अवश्य रखें।
इस अभियान के अंतर्गत अग्निशमालय डेहरी का दूरभाष नंबर भी आमजन को उपलब्ध कराया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके। साथ ही इंद्रपुरी पंचायत के मुखिया के साथ आग से सुरक्षा एवं बचाव को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंचायत स्तर पर सतत जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर बल दिया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर लिफलेट एवं पंपलेट का वितरण कर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मॉकड्रिल में सब ऑफिसर सुदामा राम, प्रधान अग्निक रंजीत कुमार, अग्निक चालक अविनाश कुमार तथा अग्निक मनीष कुमार उपस्थित रहे। अग्निशमालय डेहरी की इस पहल से क्षेत्र में आग से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।


रिपोर्टर