डोम्बिवली में 3 मार्च को सजेगा ‘रंग होली का महक माटी का’ रंगारंग महोत्सव
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Mar 01, 2026
- 93 views
उत्तर भारतीय समाज एकता मंच की पहल, भोजपुरी कलाकारों की होगी भव्य प्रस्तुति
कल्याण। रंगों के पावन पर्व होली को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में उत्तर भारतीय समाज एकता मंच द्वारा 3 मार्च को डोम्बिवली पूर्व के दावड़ी स्थित रीजेंसी सर्कल, पानी की टंकी के पास शाम 5 बजे से भव्य होली स्नेह मिलन समारोह ‘रंग होली का महक माटी का’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा कल्याण जिला कोषाध्यक्ष एवं ब्राह्मण समाज सांस्कृतिक संस्था के अध्यक्ष दिनेश दुबे हैं, जिन्होंने समाज को एक सूत्र में पिरोने के उद्देश्य से इस सांस्कृतिक आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है।
आयोजक दिनेश दुबे ने बताया कि महानगरों में व्यस्त जीवनशैली के कारण पारंपरिक त्योहारों की आत्मीयता कहीं न कहीं कम होती जा रही है। ऐसे में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और लोकसंस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। इस मंच के जरिए सभी वर्गों और समुदायों को एक साथ लाकर सौहार्द का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता भोजपुरी जगत के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुति रहेगी। सुप्रसिद्ध गायक मोहन राठौर अपने लोकप्रिय होली गीतों से माहौल को रंगीन बनाएंगे, जबकि चर्चित गायिका अनामिका त्रिपाठी अपनी मधुर आवाज से फागुनी समां बांधेंगी। इसके अलावा दीपक सुहाना, राकेश तिवारी, श्रेया यादव, सतेंद्र सिंह राजपूत तथा राकेश चौधरी सहित अन्य कलाकार मंच साझा करेंगे। लोकगीत, फगुआ, पारंपरिक होली गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्सवमय हो उठेगा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। बच्चों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि परिवार सहित लोग सुरक्षित वातावरण में कार्यक्रम का आनंद ले सकें। मंच सज्जा, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
उत्तर भारतीय समाज एकता मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि डोम्बिवली और आसपास के क्षेत्रों में उत्तर भारतीय समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी जुड़ाव मजबूत होता है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया जाएगा। दिनेश दुबे ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक पर्व को सफल बनाएं और प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के रंगों से डोम्बिवली को सराबोर करें। डोम्बिवली में आयोजित यह रंगारंग होली महोत्सव निश्चित रूप से सांस्कृतिक एकता और उत्साह का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगा, जहां रंगों के साथ-साथ माटी की महक और लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।


रिपोर्टर