तुतला भवानी महोत्सव सम्पन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 07, 2026
- 2 views
रोहतास ।जिले के तिलौथू प्रखंड स्थित माँ तुतला भवानी मंदिर के समीप बिहार सरकार के पर्यटन विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्त्वावधान में भव्य रूप से माँ तुतला भवानी महोत्सव का आयोजन किया गया। पहली बार इस महोत्सव का आयोजन किया गया,जिसे लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। महोत्सव का उद्घाटन डेहरी के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह,उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय विजय कुमार पांडेय, डेहरी एसडीएम निलेश कुमार एवं जिला पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने माँ तुतला भवानी के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नयी पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। कार्यक्रम के दौरान देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। ख्यातिलब्ध गायिका स्वाती मिश्रा,पूजा चटर्जी,अरविंद अकेला कल्लू,अनुपमा यादव,वर्षा तिवारी एवं तान्या मौवार ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इनके अलावे आनंद तिवारी,गुड्डू राज रसिया तथा विकास पांडेय ने भी अपने सुरीले गीतों से श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया। तिलौथू विद्यालय के बच्चों द्वारा भी नृत्य प्रस्तुत किया गया। दीपशिखा डांस ग्रुप ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आये लोगों ने भाग लिया। इस प्रकार के आयोजन से माँ तुतला भवानी धाम को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक पहचान मिलेगी तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था की गयी थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा,यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ भी बखूबी देखने को मिलीं। महोत्सव में सिविल सर्जन रोहतास मणिराज रंजन,जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह,एसडीपीओ डेहरी-दो वंदना कुमारी,माँ तुतला भवानी मंदिर के अध्यक्ष गुरुचरण यादव, सामाजिक कार्यकता संजीव सिंह,प्रखंड विकास पदाधिकारी तिलौथू अंकिता जैन सहित अन्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।


रिपोर्टर