अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शिवचर्चा का आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 09, 2026
- 8 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डिहरी आनसोन रोहतास।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को झारखंडी मंदिर परिसर में सखी परिवार के ओर से शिव चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी सुनीता यादव ने किया, जिसमें स्थानीय क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने शिव चर्चा के माध्यम से जीवन में सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और आध्यात्मिकता के महत्व पर चर्चा की। साथ ही महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में बराबरी की भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पूनम देवी, संजू देवी, सरोज देवी, मिंता देवी, आशा देवी, काजल देवी, खुशबू कुमारी और नेहा कुमारी सहित कई महिलाओं ने अपने विचार साझा किए।
महिलाओं ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सुनीता यादव ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक पदों पर कार्य कर देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज के विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना बेहद जरूरी है। जब महिलाएं मजबूत होंगी, तभी परिवार और समाज भी मजबूत बनेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने समाज में एकजुट होकर सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर