जौनपुर के सरावां बडेरी निवासी विजय कांत मिश्रा (सच्चन) का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Mar 15, 2026
- 158 views
कल्याण । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद अंतर्गत सरावां बडेरी निवासी तथा वर्तमान में मुंबई में निवासरत विजय कांत मिश्रा (सच्चन) का 13 फरवरी को उनके मुंबई स्थित आवास पर अल्प बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों और समाज के लोगों में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
स्वर्गीय विजय कांत मिश्रा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में चार पुत्रियाँ, एक पुत्र तथा पोती-पोते हैं। उनका अंतिम संस्कार विट्ठलवाड़ी श्मशान घाट में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ, जहाँ उनके पुत्र अरुण मिश्रा ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में परिवारजनों, रिश्तेदारों और समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिजनों और परिचितों के अनुसार स्वर्गीय विजय कांत मिश्रा अत्यंत सरल, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। वे बच्चों के साथ बच्चों की तरह घुल-मिल जाते थे और अपने हमउम्र लोगों से भी आत्मीयता से व्यवहार करते थे। उनके इसी स्नेहपूर्ण और उदार स्वभाव के कारण समाज में उनकी एक अलग पहचान थी। दुःख व्यक्त करने वालों में उनके भाई चंद्रकांत मिश्रा, विनोद मिश्रा, बबलू मिश्रा सहित समाज के अनेक लोगों ने गहरा शोक प्रकट किया है।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आगे की सभी धार्मिक विधि-विधान मुंबई के कल्याण स्थित उनके निवास पर संपन्न किए जाएंगे। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल दें।


रिपोर्टर