चोरी के गहने एक देशी कट्टा एवं कारतूस बरामद
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 17, 2026
- 32 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डिहरी आनसोन रोहतास।डालमियानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 16.03.2026 को घटित चोरी की घटना के संबंध में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
ज्ञात हो कि वादी नंद कुमार पिता राम बदन सिंह ग्राम प्रयाग बिगहा के आवेदन के आधार पर डालमियानगर थाना कांड सं० 46/26, दिनांक 16.03.2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस के अंतर्गत दर्ज चोरी की घटना के अनुसंधान के क्रम में सूचना प्राप्त हुई कि उक्त कांड में एक संदिग्ध बालक, जो थाना क्षेत्र के एक मकान में किराए पर रह रहा है, की संलिप्तता हो सकती है।
प्राप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेहरी 01 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम में थानाध्यक्ष पु०अ०नि० रवि रंजन कुमार पु०अ०नि० प्रिंस कुमार मिश्रा, पु०अ०नि० श्वेता कुमारी, पु०स०अ०नि० उदय कुमार, सशस्त्र बल सिपाही संख्या 1427 रूपेश कुमार, महिला सिपाही संख्या 61 सीमा कुमारी तथा चालक हवलदार संख्या 15 रंजीत कुमार यादव शामिल थे।
गठित पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध के किराए के मकान पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक बालक पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे तत्परता से पकड़ लिया गया। इसके पश्चात उसके माता-पिता की उपस्थिति में घर की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के क्रम में घर के किचन के ऊपर बने छज्जे से एक बैग बरामद हुआ। बैग को खोलने पर उसमें से चोरी के गहने बरामद हुए तथा उसी छज्जे पर एक देशी कट्टा एवं 06 राउंड जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
बरामद सामान में एक गुलाबी एवं सफेद रंग का कपड़े का बैग, एक पीले रंग का प्लास्टिक पन्नी, जिसमें सोने का हार, तथा एक पारदर्शी कांच/फाइबर का डिब्बा (हल्का टूटा हुआ) मिला, जिसके अंदर कई प्रकार के गहने जैसे लोकेट, झुमका, नथिया, चेन, मांग टीका, अंगूठी एवं बाली पाए गए। इसके अतिरिक्त एक बटुआ से नगद ₹24,000/- भी बरामद किया गया।
इसके साथ ही मौके से एक देशी कट्टा (बैरल लंबाई लगभग 04 अंगुल, बट लंबाई लगभग 07 अंगुल, कुल लंबाई लगभग 13 अंगुल) तथा 06 राउंड जिंदा कारतूस (जिसके पेंदे पर “8mm KF” अंकित) बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान उक्त विधि विरुद्ध बालक द्वारा बताया गया कि चोरी की घटना के बाद वह डेहरी स्टेशन गया था और वहां से अपने बैंक खाते में कुछ रुपये जमा कराया था। वापस लौटते समय मथुरी पुल, डालमियानगर के पास जिस ई-रिक्शा में वह आ रहा था, उसके चालक तथा उसके दो अन्य साथियों द्वारा उसके साथ मारपीट कर उसके पास रखा लगभग ₹3,00,000/- नगद छीन लिया गया और वे लोग मौके से फरार हो गए।
उक्त घटना के संबंध में विधि विरुद्ध बालक के फर्द बयान के आधार पर ई-रिक्शा चालक एवं दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चालक राजू कुमार, निवासी रतू बिगहा तथा उसके एक सहयोगी नीतीश कुमार, निवासी मथुरी, थाना डालमियानगर को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा बरामद सभी सामान को विधिवत जब्त करते हुए विधि विरुद्ध बालक को विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है तथा गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा छापेमारी जारी है।


रिपोर्टर