सासाराम-डेहरी स्टेशनों पर चला सघन टिकट जांच अभियान

रोहतास । डीडीयू मंडल के अंतर्गत सासाराम क्षेत्र में बिना टिकट यात्रा की रोकथाम को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में डीडीयू-गया रेल खंड पर मंगलवार और बुधवार को डेहरी ऑन सोन एवं सासाराम रेलवे स्टेशनों पर एक साथ सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत टिकट जांच स्टाफ (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीमों को विशेष रूप से तैनात किया गया। टीमों ने प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज (पैदल पुल), स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की। इस दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई लोग जल्दबाजी में टिकट खरीदते नजर आए।

जांच अभियान के दौरान टीमों ने संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ की और वैध टिकट न होने पर नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल राजस्व की हानि को रोकना है, बल्कि यात्रियों में जागरूकता बढ़ाना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अवश्य रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दंड से बचा जा सके।

रेलवे विभाग का कहना है कि इस तरह के औचक जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, जिससे रेलवे सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट