डालमिया भारत फाउंडेशन ने दिया 90 युवाओं को प्रमाण पत्र एवं नौकरी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 02, 2026
- 52 views
रोहतास।डालमिया इंस्टीट्यूट ऑफ नॉलेज एंड स्किल हार्नेसिंग (DIKSHa), कल्याणपुर में प्रमाण पत्र वितरण एवं जॉब ऑफर समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 90 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 90 युवाओं को प्रमाण पत्र एवं रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु NABARD द्वारा 60 अभ्यर्थियों के लिए डालमिया भारत फाउंडेशन को वित्तीय सहयोग प्रदान किया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत 60 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 30 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (स्वास्थ्य) एवं 30 असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन अभ्यर्थियों को उनके कार्य में सहयोग हेतु टूलकिट भी वितरित किए गए।
समारोह में 30 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (स्वास्थ्य), 30 असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन एवं 30 डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर सहित कुल 90 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। सभी को ₹14,000 से ₹22,000 प्रतिमाह वेतनमान के साथ जॉब ऑफर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में NABARD, क्षेत्रीय कार्यालय पटना के मुख्य महाप्रबंधक श्री गौतम कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक श्री भोला प्रसाद सिंह, जिला विकास प्रबंधक श्री सुनील कुमार, रोहतास सीमेंट वर्क्स के प्लांट एचआर हेड श्री संजय कुमार झा, शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार एवं सुरभि क्लब की अध्यक्ष सुश्री अंशु तिवारी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक श्री गौतम कुमार सिंह एवं सुरभि क्लब की अध्यक्ष सुश्री अंशु तिवारी द्वारा ग्राम परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत माइक्रो एंटरप्राइज पहल के तहत आरओ वाटर प्लांट एवं ई-रिक्शा का उद्घाटन किया गया, जो ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नाबार्ड के अधिकारियों श्री भोला प्रसाद सिंह एवं श्री सुनील कुमार ने भी संस्था द्वारा ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्य महाप्रबंधक श्री गौतम कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि NABARD भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर समर्थन देता रहेगा। उन्होंने अतिरिक्त बैचों के संचालन, संचालन लागत में सहयोग एवं अन्य विकासात्मक परियोजनाओं में भी सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


रिपोर्टर