वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए डालसा सजग, वसंत गांव में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 05, 2026
- 42 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर-- बुजुर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DALSA) पूरी तरह सक्रिय है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष दीपक कुमार एवं सचिव ललन कुमार रजक के निर्देशन में रविवार को पुरनहिया प्रखंड के वसंत गांव में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
हर समस्या का समाधान: निःशुल्क और सुलभ
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को बताया कि वरिष्ठ नागरिक अपनी समस्याओं के लिए अकेले नहीं हैं। यदि उन्हें निम्नलिखित में से किसी भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो वे सीधे 'डालसा' की मदद ले सकते हैं:
पेंशन संबंधी बाधाएं
संपत्ति विवाद
भरण-पोषण (Maintenance) की समस्या
स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही
पैनल अधिवक्ता देंगे मुफ्त कानूनी सलाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता अजय कुमार ने कहा कि नालसा (NALSA) की योजनाओं के तहत वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क वकील और कानूनी परामर्श की सुविधा दी जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा, "बुजुर्गों को घबराने की जरूरत नहीं है, बस उन्हें अपने नजदीकी विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय तक पहुंचने की आवश्यकता है। शेष जिम्मेदारी हमारी है।"
सुरक्षा और सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता
अधिकार मित्र गुड्डू कुमार ने उपस्थित लोगों को बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार न केवल कानूनी सलाह देता है, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया।


रिपोर्टर