श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का कलश यात्रा में उमड़ा जन सैलाब
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 07, 2026
- 3 views
संवाददाता सुचित पाण्डेय की रिपोर्ट
रामपुर(कैमूर)-- प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र स्थित बहेरी गांव में मंगलवार को श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। यह महायज्ञ श्री लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी जी महाराज के सानिध्य में शुरू हुआ। इस अवसर पर एक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा यज्ञ मंडप से शुरू हुई, जिसमें हाथी, घोड़े, ऊंट, रथ और गाजे-बाजे के साथ हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और युवतियां शामिल हुईं। श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर पैदल सबार गांव स्थित दुर्गावती नदी तट तक पहुंचे।
यात्रा के दौरान 'जय श्रीराम', 'हर-हर महादेव' और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। दुर्गावती नदी तट पर काशी-वाराणसी से आए डॉ. मनोज कुमार पांडेय और उनकी टीम के विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरवाया।
जलभरी कर कलश के साथ श्रद्धालु लौटे
इसके बाद श्रद्धालु जलभरे कलश को सिर पर लेकर वापस यज्ञ मंडप पहुंचे, जहां उन्हें विधिवत स्थापित किया गया। इस महायज्ञ के मुख्य यजमान मनोज कुमार दुबे उर्फ मंटू दुबे और उनकी पत्नी रीना देवी हैं।
आयोजन स्थल पर 25 कुंडीय महायज्ञ की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को जलभरी और मंडप प्रवेश के साथ विधिवत अनुष्ठान शुरू हुआ। कलश शोभायात्रा के दौरान करीब एक किलोमीटर तक श्रद्धालुओं, वाहनों और हाथी-घोड़े-ऊंट की लंबी कतार देखी गई।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रही।
आयोजन समिति के अनुसार, कथा-प्रवचन सोमवार से ही शुरू हो चुके हैं। प्रतिदिन विभिन्न संत-महात्माओं द्वारा दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक प्रवचन दिए जा रहे हैं। महायज्ञ की पूर्णाहुति और एक बड़े भंडारे का आयोजन 12 अप्रैल को किया जाएगा।


रिपोर्टर