ज्ञानदीप योजना में चयनित बच्ची को पहले नहीं मिला दाखिला, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के हस्ताक्षेप के बाद हुआ नामांकन

दुर्गावती संवाददाता श्याम सुंदर पांडेय कि रिपोर्ट

दुर्गावती (कैमूर):-- स्थानीय प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सामने आए एक मामले में आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद छात्रा का नामांकन कर लिया गया। ज्ञानदीप योजना के तहत चयनित होने के बावजूद किसान नर्सरी स्कूल, पांडेयपुर डुमरी में एक बच्ची का दाखिला नहीं लिया जा रहा था, जिससे परिजन काफी परेशान थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय खरवार ने अपनी पुत्री अंबिका कुमारी का नामांकन ज्ञानदीप योजना के तहत कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की थीं। चयन सूची में नाम आने के बाद भी जब वे कई बार विद्यालय पहुंचे, तो उन्हें लगातार टाल दिया गया। बाद में स्कूल की ओर से नामांकन से ही इनकार कर दिया गया, जिससे परिवार मायूस हो गया। इस संबंध में अजय खरवार ने जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई और मामले में हस्तक्षेप की मांग की। विद्यालय संचालक वलायत खान का कहना था कि नामांकन के लिए समय दिया गया था, लेकिन अभिभावक निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे, जिसके कारण जिला को रिपोर्ट भेज दी गई थी।

बीईओ का बयान:

दुर्गावती प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह पंचायती राज पदाधिकारी रमेश कुमार ने बताया, छात्रा के पिता का फोन आने के बाद मैंने विद्यालय संचालक से बात की। उन्होंने समय पर उपस्थित नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद स्पष्टीकरण मांगा गया, जिसके पश्चात विद्यालय ने छात्रा का नामांकन कर लिया है। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद अब छात्रा अंबिका कुमारी का विद्यालय में नामांकन हो गया है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट