भिवंडी में छात्रा से अनुचित बातचीत के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, पॉक्सो के तहत मामला दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 13, 2026
- 279 views
भिवंडी। भिवंडी में एक नाबालिग छात्रा से कथित रूप से अनुचित फोन कॉल करने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बाल संरक्षण से संबंधित कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गणेश भालेराव पाटील (50) के रूप में हुई है, जो कल्याण क्षेत्र का निवासी है और निजी रूप से छात्रों को ट्यूशन पढ़ाता है।प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च की रात आरोपी ने अपनी 17 वर्षीय छात्रा को फोन किया। शिकायत में आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने अनुचित तरीके से संवाद किया, जिससे छात्रा को मानसिक असहजता हुई। घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में 10 अप्रैल को आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस सुत्रों का कहना है कि मामले की जांच संवेदनशीलता के साथ की जा रही है और पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है, जैसा कि कानून में प्रावधान है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस प्रकार की कोई अन्य शिकायत पहले भी सामने आई है।


रिपोर्टर