बक्सर में साइबर ठगी का पर्दाफाश, महिला गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 18, 2026
- 63 views
सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर खुलवाए खाते, ठगी की रकम निकालने का आरोप; दो अन्य सहयोगियों की तलाश जारी
संदीप कुमार की रिपोर्ट
बक्सर:-- जिले के धनसोई थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ग्रामीण महिलाओं को झांसे में लेकर उनके नाम से सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाती थी और बाद में उन्हीं खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, धनसोई थाना क्षेत्र के बावनबांध निवासी एक व्यक्ति ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सेमरिया निवासी ममता देवी, पति रविरंजन कुमार, गांव की कई महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का लालच देकर उनके दस्तावेज अपने पास रख लेती थी। जब पीड़ितों ने अपने कागजात वापस मांगे तो उन्हें टालमटोल किया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता के घर दूसरे राज्य से एक सरकारी नोटिस पहुंचा, जिसमें उसके बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम आने और निकासी की जानकारी दी गई थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर साइबर थाना में कांड संख्या 20/26, दिनांक 15 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ममता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ठगी के इस नेटवर्क में शामिल होने की बात स्वीकार की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनमें साइबर ठगी की राशि ट्रांसफर कराई जाती थी और फिर उस रकम की निकासी कर आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों को जला दिया।
गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उस पर पूर्व में भी बक्सर साइबर थाना में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट से जुड़े कई धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के पास से नोटबुक, लेडीज पर्स, रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक अविनाश कुमार कश्यप, पुलिस निरीक्षक संजय कुमार सिंह उर्फ सिंघम, अवर निरीक्षक श्रीकांत कुमार, शुभम राज तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


रिपोर्टर