प्रेम प्रसंग को लेकर घोसिया गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष दर्जनों घायल,पुलिस की कार्रवाई तेज दोनों पक्षों के 8 लोग गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 26, 2026
- 11 views
अनुमंडल संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआंं(कैमूर)-- अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर थाना के घोसिया गांव में स्वजातीय प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना में दोनों पक्षों से दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज प्रशासन के सहयोग से भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक ही जाति के लड़का और लड़की के बीच प्रेम प्रसंग का मामला पहले से चल रहा था, जिसमें 23 अप्रैल को दोनों पक्षों में विवाद प्रारंभ हुआ। भगवानपुर थाना में आपसी सहमति से सुलझा दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा और शनिवार की शाम पुनः विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
लड़की पक्ष का आरोप है कि शौच के दौरान लड़की को उसके प्रेमी और उसके भाई द्वारा जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की गई। इस दौरान लड़की द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
वहीं लड़का पक्ष का कहना है कि लड़की के परिजन हथियार लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे, जिससे विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
इस पूरे मामले पर भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मारपीट में शामिल दोनों पक्षों से चार-चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में एक पक्ष से शिव मुनि राम, उपेंद्र राम उर्फ उपेंद्र कुमार, नागेंद्र कुमार और मनवर्ती देवी शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से नयन कुमार, रामचंद्र राम, रीता देवी और जितेंद्र कुमार उर्फ विपिन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
सभी आरोपियों को भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराने के बाद भभुआ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले की थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के द्वारा निष्पक्ष जांच की जा रही है।


रिपोर्टर