कुदरा में अवैध वसूली का आरोप, भभुआ मोड़ का वीडियो वायरल होते ही प्रशासन सख्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 06, 2026
- 2 views
एसडीएम ने मांगी रिपोर्ट, कहा—सिर्फ लोड-अनलोड करने वाले वाहनों से ही लिया जा सकता है टैक्स
कुदरा (कैमूर):-- कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र के भभुआ मोड़ के पास से गुजरने वाले वाहनों से कथित रूप से अवैध वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बाजार से होकर गुजरने वाले वाहनों से जबरन टैक्स वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का आरोप है कि भभुआ मोड़ के समीप बाजार क्षेत्र में तैनात कुछ लोग गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनसे जबरन पैसे की मांग करते हैं। आरोप है कि केवल व्यावसायिक वाहनों ही नहीं, बल्कि शादी-विवाह समारोह में शामिल होने आने-जाने वाली निजी गाड़ियों से भी अभद्र व्यवहार करते हुए वसूली की जाती है। इससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने बुधवार शाम बताया कि मामला संज्ञान में आते ही कुदरा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) से तत्काल रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नगर पंचायत के नियमों के अनुसार केवल उन्हीं वाहनों से टैक्स लिया जा सकता है, जो नगर क्षेत्र के भीतर माल का लोड या अनलोड करते हैं।
एसडीएम ने यह भी कहा कि केवल सड़क से गुजरने वाले वाहनों से किसी प्रकार की वसूली करना पूरी तरह अवैध है और नियमों के विरुद्ध है। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि राहगीर वाहनों से जबरन वसूली की जा रही है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की ओर से जांच के आदेश के बाद अब सभी की निगाहें कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो इस मामले में बड़ी कार्रवाई संभव मानी जा रही है।


रिपोर्टर