भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में राजद के सोनू राय की जीत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 14, 2026
- 37 views
अनिल कुमार सिंह
ब्यूरो चीफ भोजपुर।भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में महागठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। महागठबंधन प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने कड़े मुकाबले में जेडीयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद को 340 मतों से पराजित कर राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। इस जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया और कई स्थानों पर जश्न मनाया गया।
चुनाव परिणाम के अनुसार सोनू कुमार राय को कुल 2486 मत प्राप्त हुए, जबकि जेडीयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को 2146 वोट मिले। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार और जेडीयू के बागी नेता मनोज उपाध्याय को 636 मत प्राप्त हुए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बागी उम्मीदवार के मैदान में उतरने से एनडीए के वोटों का समीकरण प्रभावित हुआ, जिसका सीधा फायदा महागठबंधन को मिला।
सोनू कुमार राय भोजपुर जिले के आरा शहर के मीरगंज क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उनके पिता लालदास राय भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। पार्टी संगठन में मजबूत पकड़ और जमीनी स्तर पर सक्रियता के कारण उन्हें महागठबंधन का उम्मीदवार बनाया गया था। इस सीट का चुनाव आम चुनावों से अलग होता है। इसमें आम मतदाता नहीं, बल्कि स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि मतदान करते हैं। इस वजह से यह चुनाव राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा और रणनीति का विषय माना जाता है। यह सीट पूर्व में जेडीयू के पास थी, लेकिन विधायक बनने के बाद सीट खाली होने से उपचुनाव कराया गया।
जीत के बाद सोनू कुमार राय ने पार्टी नेतृत्व, समर्थकों और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत का असर आने वाले चुनावी समीकरणों पर भी दिखाई दे सकता है।


रिपोर्टर