कुदरा नगर पंचायत में पूर्व स्वच्छता अधिकारी को दी गई भावभीनी विदाई, नवनियुक्त अधिकारी का हुआ स्वागत

 संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कुदरा(कैमूर)--  नगर पंचायत कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानांतरित पूर्व स्वच्छता अधिकारी सिमरन सिंह को भावभीनी विदाई दी गई तथा नवनियुक्त स्वच्छता प्रभारी अधिकारी श्रुति शुक्ला का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पाल कार्य पालक पदाधिकारी उजाली राज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पाल ने कहा कि पूर्व स्वच्छता अधिकारी सिमरन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। अध्यक्ष ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं, नवनियुक्त स्वच्छता प्रभारी अधिकारी श्रुति शुक्ला, जो वर्तमान में नगर पंचायत मोहनियां की भी स्वच्छता प्रभारी हैं, का नगर पंचायत कुदरा परिवार की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा सरकार की स्वच्छ भारत मिशन योजना को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत कर्मियों ने भी पूर्व अधिकारी के कार्यों को याद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। मौके पर उपस्थित लोगों ने दोनों अधिकारियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए नगर पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

समारोह का माहौल आत्मीयता और सम्मान से भरा रहा। अंत में सभी ने पूर्व अधिकारी को शुभकामनाएं दीं तथा नवनियुक्त अधिकारी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट