भभुआ अनुमंडल क्षेत्र में तेज आंधी तूफान से भारी तबाही
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 15, 2026
- 111 views
संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआं(कैमूर)-- अनुमंडल क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े पेड़, बिजली के तार, पोल तथा सीमेंट से बने दीवार और दीवान गिर गए। कई सड़कों पर पेड़ गिर जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं बिजली के तार टूटने और पोल गिरने से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है।
बिजली बाधित होने के कारण घरों, दुकानों और अस्पतालों में बिजली से चलने वाले सभी यंत्र बंद पड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। मोबाइल चार्जिंग, पानी सप्लाई तथा अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। प्रशासन और बिजली विभाग की टीम लगातार बहाली कार्य में जुटी हुई है, लेकिन खराब मौसम के कारण काम में कठिनाई आ रही है।
इस भीषण आंधी-तूफान में कैमूर जिले से चार लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि पचास से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कई लोगों के घरों की छत उड़ गई और किसानों की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। प्रशासन की टीम प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। कैमूर में आए इस प्राकृतिक आपदा ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।


रिपोर्टर