जमनिया पंप कैनाल योजना की समीक्षा बैठक में परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश, किसानों के हित और सिंचाई व्यवस्था पर विशेष जोर

संवाददाता श्याम सुंदर पाण्डेय की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)-- जमनिया पंप कैनाल योजना को लेकर सोमवार को सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता तथा भूमि अधिग्रहण कार्य से जुड़े सभी सहायक अभियंताओं और कनीय अभियंताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामगढ़ के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। बताया गया कि उनके प्रयासों से ही इस महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति मिली थी, जिसके बाद क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य प्रारंभ हो सका।

बैठक में परियोजना की वर्तमान प्रगति, भूमि अधिग्रहण की स्थिति, निर्माण कार्य की गति तथा किसानों को मिलने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा गया कि जमनिया पंप कैनाल योजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसलिए परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।

समीक्षा के दौरान भूमि अधिग्रहण कार्य में आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय बनाकर प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। अधिकारियों को जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं सुचारु रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं, नहर तंत्र की मजबूती, जल आपूर्ति व्यवस्था तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट