17 वर्षीय किशोर रहस्यमय ढंग से लापता, थाने में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट

बाल कटवाने के लिए घर से निकला था किशोर, देर रात तक नहीं लौटा

संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट 

कैमूर--- जिला अंतर्गत कुदरा थाना क्षेत्र के नसेज गांव से एक 17 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिलने पर कुदरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार नसेज गांव निवासी संजय कुमार सिंह के छोटे पुत्र सूरज कुमार (17 वर्ष) दिनांक 30 मई 2026 से लापता हैं। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सूरज ने बाल कटवाने की बात कही थी, जिसके लिए उसे ₹40 दिए गए थे। इसके बाद वह शाम करीब 4 बजे अपने घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।

जब काफी देर तक सूरज घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी किशोर का पता नहीं चलने पर उसके पिता संजय कुमार सिंह ने कुदरा थाना पहुंचकर आवेदन दिया और अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।

घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। वहीं परिजन अपने बेटे की सुरक्षित वापसी को लेकर काफी परेशान और चिंतित हैं।

इस संबंध में कुदरा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा किशोर की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट