विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर 47वीं बटालियन सीआरपीएफ में जागरूकता कार्यक्रम, जवानों ने ली नशामुक्ति की शपथ
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 31, 2026
- 19 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी--- विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 के अवसर पर 47वीं बटालियन में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं जवानों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर 47वीं बटालियन के कमांडेंट श्री अवधेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए तंबाकू, सिगरेट एवं तंबाकू से संबंधित विभिन्न उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन अनेक घातक बीमारियों, विशेषकर कैंसर, हृदय रोग तथा श्वसन संबंधी समस्याओं का प्रमुख कारण है। इसके लगातार उपयोग से व्यक्ति के स्वास्थ्य पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। कमांडेंट श्री अवधेश कुमार ने सभी कार्मिकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूर रहें तथा अपने परिवारजनों, मित्रों और साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि तंबाकूमुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं जवानों को तंबाकू सेवन न करने तथा दूसरों को भी इससे बचाने के लिए शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी कार्मिकों ने तंबाकूमुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर कमांडेंट श्री अवधेश कुमार के अलावा उप कमांडेंट श्री उत्तम कुमार, सहायक कमांडेंट श्री देवेंद्र कुमार,निरीक्षक रामनारायण चौधरी,निरीक्षक दिलीप कश्यप सहित 80 से अधिक जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन तंबाकूमुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।


रिपोर्टर