वीरगति दिवस पर बाबू निशान सिंह को दी जाएगी श्रद्धांजलि, कई मंत्री-विधायक होंगे शामिल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 06, 2026
- 2 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। स्वतंत्रता संग्राम 1857 के महानायक बाबू निशान सिंह के वीरगति दिवस के अवसर पर 7 जून को डेहरी में भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को इंजीनियर ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब, डेहरी में कुंवर राणा सामाजिक कल्याण संस्था द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सिंह, राज्य अध्यक्ष पंकज सिंह एवं राजन राज ने बताया कि बाबू निशान सिंह की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। साथ ही बड़ी संख्या में आम लोग भी कार्यक्रम में भाग लेकर महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
गोपाल सिंह ने बताया कि बाबू निशान सिंह को 7 जून 1858 को सासाराम में अंग्रेजों ने तोप से बांधकर शहीद कर दिया था। उनकी वीरता और देशभक्ति को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष वीरगति दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के योगदान से अवगत कराने का भी माध्यम बनेगा।
आयोजकों के अनुसार समारोह में मंत्री संजय सिंह, संजय सिंह टाइगर, श्रेयसी सिंह, विधायक आलोक सिंह, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, निवेदिता सिंह, विशाल सिंह, डेहरी विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह, औरंगाबाद विधायक विक्रम त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधायक विशाल प्रशांत उर्फ सुशील पांडेय, चेतन आनंद, पूर्व सांसद सुशील सिंह, डुमरांव विधायक राहुल सिंह समेत कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
प्रेस वार्ता के दौरान अंबुज सिंह, सुशांत सिंह, रवि सिंह, शुभम सिंह, सोनू सिंह सिकरीवाल सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बाबू निशान सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।


रिपोर्टर