गुरुकुल फिजिकल एकेडमी ने बिहार पुलिस, आर्मी एवं रेलवे में चयनित 20 अभ्यर्थियों को किया सम्मानित।


संवाददाता पारस नाथ दुबे



डेहरी रोहतास।अकोढ़ीगोला के प्रेमनगर मैदान स्थित गुरुकुल फिजिकल एकेडमी द्वारा बिहार पुलिस, भारतीय सेना एवं रेलवे में चयनित छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 20 सफल अभ्यर्थियों, जिनमें 6 छात्राएं एवं 14 छात्र शामिल थे, को अंगवस्त्र, माला एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना अध्यक्ष राकेश गोसाईं, अभिषेक सर एवं प्रकाश पुस्तक भंडार के प्रोपराइटर प्रकाश सोनी छात्र नेता सूरज सोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर गुरुकुल फिजिकल एकेडमी के मुख्य रनिंग ट्रेनर राहुल कुमार एवं छोटू कुमार, तथा पीटी ट्रेनर अनिल मलाकार एवं मनीष कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि एकेडमी का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से साधारण परिवारों के युवाओं को उचित मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण देकर सरकारी सेवाओं में चयनित कराना है। मुख्य अतिथि थाना अध्यक्ष राकेश गोसाईं ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार पुलिस, सेना एवं रेलवे जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन होना गौरव की बात है। उन्होंने अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के साथ राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सफल अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों एवं गुरुकुल फिजिकल एकेडमी द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण को दिया। समारोह के अंत में एकेडमी परिवार ने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संस्था आगे भी युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय गणमान्य लोग, छात्र-छात्राएं एवं एकेडमी के सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट