संदिग्ध परिस्थिति में युवक की हत्या, नहर किनारे मिला शव

एसपी-डीएसपी समेत एफएसएल टीम मौके पर पहुंची, लगातार हो रही हत्याओं से लोगों में दहशत

ब्यूरो संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- जिला के मोहनियां थाना क्षेत्र स्थित बघिनी गांव के बधार एवं नहर किनारे गुरुवार को 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के नौआ झोटी गांव निवासी शशि कुमार (22), पिता शिवकुमार राम के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कैमूर एसपी, मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण, थाना अध्यक्ष, सर्किल इंस्पेक्टर, एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार शशि कुमार भभुआ में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। परिजनों के मुताबिक वह 9 जून की सुबह घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका। गुरुवार सुबह बघिनी गांव के बधार में एक किसान ने अपने चेंबर के पास शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय चौकीदार को दी।


इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। मृतक के पिता शिवकुमार राम ने आरोप लगाया है कि रिश्तेदारी में उनकी भतीजी मंजू देवी अपने पुत्र से शशि की शादी कराने का दबाव बना रही थी। शशि द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद उसकी हत्या कर शव फेंक दिए जाने की आशंका उन्होंने जताई है। उन्होंने बताया कि शशि उनका इकलौता पुत्र था और उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि पुलिस को नहर के पास शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया गया। परिजनों द्वारा शव की पहचान शशि कुमार के रूप में की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है तथा कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और हत्याओं से लोगों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट