प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने सहयोग शिविर को संबोधित कियाः मकसदपुर कररिया पंचायत सरकार भवन में जनता से सीधा संवाद किया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 17, 2026
- 20 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर---- जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड स्थित मक़सदपुर कररिया पंचायत सरकार भवन में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। इसमें बिहार सरकार के मंत्री और शिवहर जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने आम जनता को संबोधित किया। उन्होंने सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने जनता को आश्वस्त किया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य छोटी समस्याओं के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। इन शिविरों के माध्यम से पंचायत स्तर पर ही शिकायतों का समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और नागरिकों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रशासन को अपनी आवश्यकताओं से अवगत कराएं।
मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान मंच पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से प्राप्त आवेदनों का एक निश्चित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ निष्पादन किया जाना चाहिए।
मंत्री ने "सबका सम्मान, जीवन आसान" के मूल मंत्र को दोहराते हुए प्रशासन को जनहित से जुड़े मामलों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने का संदेश दिया। बिहार सरकार द्वारा जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त, आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल और सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 का भी उपयोग कर सकते हैं। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी,
अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुणाल, विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इनके साथ प्रखंड प्रमुख सरिता देवी, मक़सदपुर कररिया पंचायत के मुखिया बिगु सहनी, सरपंच संजू देवी, उप-सरपंच विनोद साह, चंद्रभूषण सिंह, दिग्विजय सिंह, रघुनंदन राम, अमित कुमार शिवनंदन कुमार और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर