तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की मौत
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 26, 2026
- 9 views
रोहतास ।जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालचंद टोला स्थित महावीर मंदिर के समीप शुक्रवार की सुबह दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर से नीचे गिरने के बाद चालक वाहन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, नासरीगंज की ओर से बालू लदा ट्रैक्टर आ रहा था, जबकि राजपुर के अमाड़ी की ओर से मिट्टी लदा ट्रैक्टर जा रहा था। दोनों वाहन तेज गति में थे। बालचंद टोला के समीप आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बालू लदे ट्रैक्टर का चालक नीचे गिर पड़ा और वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नासरीगंज थाना क्षेत्र के पड़ुरी गांव निवासी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रैक्टरों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
राजपुर थानाध्यक्ष अंशु माला ने बताया कि दुर्घटना के बाद मिट्टी लदे ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


रिपोर्टर