सहयोग पोर्टल पर पडे आवेदन की जांच एवं समीक्षा किया गया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 10, 2026
- 3 views
रोहतास।जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्र ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति एवं गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की। जिले में सहयोग पोर्टल पर अब तक कुल 9382 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 8128 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, 967 आवेदन लंबित हैं तथा 287 आवेदन नियमानुसार अस्वीकृत किए गए हैं।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न आवेदनों का विवरण स्वयं पोर्टल पर देखकर उनके निष्पादन की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि केवल आवेदनों का निष्पादन कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक होना भी अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में बताया गया कि सहयोग पोर्टल पर आवेदन के निष्पादन के उपरांत आवेदकों द्वारा 01 से 05 तक की रेटिंग देने का प्रावधान है, जिसमें 01 न्यूनतम संतुष्टि तथा 05 सर्वोच्च संतुष्टि को दर्शाता है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में आवेदकों द्वारा अच्छा रेटिंग नहीं दी गई है, उन सभी आवेदनों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर कम संतुष्टि के कारणों का विश्लेषण करें तथा गुणवत्ता पूर्वक निष्पादन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार ने भी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त पुलिस विभाग से संबंधित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस से जुड़े मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करते हुए आवेदकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को स्वयं सहयोग पोर्टल पर लॉग-इन कर अपने विभाग से संबंधित आवेदनों के निष्पादन की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं लंबित मामलों से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित थे।


रिपोर्टर