प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर मुख्य सचिव ने आनलाइन समीक्षा बैठक किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 10, 2026
- 4 views
रोहतास।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत यूटिलिटी-नेतृत्वित समेकन (यूएलए) स्कीम की प्रगति एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से आज दिनांक 10.07.2026 को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई।
बैठक में योजना के तहत अब तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए नवंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने जिले को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए तथा विभागीय समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि नेट मीटरिंग के लिए चिन्हित कुटीर ज्योति (केजे) लाभुकों के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही प्रतिदिन होने वाले सोलर संयंत्रों की स्थापना के अनुरूप आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त बफर स्टॉक उपलब्ध कराने एवं प्रत्येक जिले में पर्याप्त तकनीकी मैनपावर की तैनाती सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
इसके अतिरिक्त योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए डोर-टू-डोर सर्वे, मुख्यालय स्तर पर डेली मॉनिटरिंग हेतु समर्पित सेल, सोलर दीदी की भागीदारी, गांव एवं टोला स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान तथा पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
रोहतास जिले से इस बैठक में जिलाधिकारी रोहतास, विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत कार्यपालक अभियंता सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिले में योजना की वर्तमान प्रगति, चुनौतियों एवं आगामी कार्ययोजना से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में रोहतास जिले में संचालित कुटीर ज्योति (बीपीएल) निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि कुटीर ज्योति (बीपीएल) बिजली उपभोक्ताओं के लिए निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों की छतों पर 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र बिना किसी शुल्क के स्थापित किया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन हेतु जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड का चयन किया जा चुका है तथा प्रथम चरण में जिले के प्रत्येक प्रखंड की पाँच-पाँच पंचायतों को शामिल किया गया है। रोहतास जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत लगभग 7,097 कुटीर ज्योति (बीपीएल) उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप पात्र उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं तथा सोलर संयंत्रों की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद इन परिवारों की ग्रिड बिजली पर निर्भरता कम होगी, जिससे उनका मासिक बिजली व्यय शून्य अथवा नगण्य हो जाएगा।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी, रोहतास ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं कुटीर ज्योति (बीपीएल) निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभुकों के यहां सर्वे, स्मार्ट मीटर स्थापना, नेट मीटरिंग एवं रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापना के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र लाभुक को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए तथा पंचायत स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा जाए। साथ ही सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ते हुए रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में तेजी लाई जाए, ताकि लाभुकों को समय पर सरकारी सब्सिडी का लाभ मिले और राज्य में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।


रिपोर्टर