जीवन प्रमाणीकरण एवं जनगणना कार्य की प्रगति को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक आयोजित


रोहतास। जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जीवन प्रमाणीकरण एवं जनगणना कार्य की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी शामिल हुए।


बैठक में जिला पदाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग, बिहार के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं के पात्र पेंशनधारियों का ससमय जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण के माध्यम से पेंशनधारी के जीवित होने की पुष्टि होती है, जिससे पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखा जा सके। पेंशनधारियों की सुविधा के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर लंबित पेंशनधारियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही, क्षेत्र में ऐसे पेंशनधारियों की भी अनिवार्य रूप से पहचान की जाए, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, ताकि अभिलेखों को अद्यतन किया जा सके।


बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि यह जनगणना कार्य का महत्वपूर्ण अंग है। इसके माध्यम से जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगर की प्रमुख जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक विशेषताओं के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की जाती है।


उन्होंने बताया कि ग्राम एवं नगर स्तर पर नागरिक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं से संबंधित जानकारी के संकलन के लिए ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका की अनुसूचियों का उपयोग किया जाता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट