ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 अभियान शुरू बाल श्रम, तस्करी रोकने के लिए स्कूलों में जागरूकता बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 14, 2026
- 16 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर---- जिले के पिपराही प्रखंड स्थित धनकौल पंचायत के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में 14 जुलाई 2026 को 'ऑपरेशन नया सवेरा 3.0' के तहत एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। यह अभियान आदिथी संस्था और कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में बाल संरक्षण के मुद्दों पर केंद्रित था।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सिया राम महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बाल श्रम, बाल तस्करी, बाल यौन शोषण और बाल व्यापार जैसे गंभीर विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
आदिथी संस्था एवं कवच परियोजना की जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर कोमल कुमारी ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनकी सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे सुरक्षित नहीं होंगे तो देश आगे नहीं बढ़ पाएगा। सभी उपस्थित लोगों ने बाल मजदूरी न करने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की शपथ ली, ताकि वे गलत के खिलाफ आवाज उठा सकें।
बैठक में कन्या उत्थान योजना, विद्यार्थी योजना, साइकिल योजना और कन्या विवाह योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रखंड समन्वयक शिवम ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे बाल श्रम की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने बाल श्रम, बाल तस्करी, बाल यौन शोषण या बाल दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर तुरंत 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर या 112 पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करने का आग्रह किया।
इस दौरान सभी बच्चों को बाल श्रम के खिलाफ शपथ दिलाई गई। नारी सशक्तिकरण पर भी विशेष चर्चा हुई और बाल संसद तथा मीना मंच के बारे में जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक से अप्रैल से अब तक हुए नामांकन और ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या के बारे में भी जानकारी ली गई।
आदिथी संस्था के रिसोर्स पर्सन मोहन कुमार ने उपस्थित बच्चों को बाल संरक्षण से संबंधित सभी अधिनियमों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सिया राम महतो के साथ शिक्षक कृष्ण मुरारी, रत्नेश कुमार और शिक्षिका सुप्रिया कुमारी, सरोज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


रिपोर्टर