मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशव्यापी शुभारंभ, राजगढ़ पुलिस ने ली नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jul 14, 2026
- 24 views
राजगढ़ । मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित *"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"* जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ आज माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में रवींद्र भवन, भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला पुलिस कंट्रोल रूम राजगढ़ सहित जिले के समस्त पुलिस थानों में देखा एवं सुना गया।
पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.) के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने थाना परिसरों एवं पुलिस कंट्रोल रूम से ऑनलाइन माध्यम द्वारा कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेशवासियों को नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ग्रहण की तथा स्वयं नशे से दूर रहने, युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने एवं अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के अंतर्गत राजगढ़ पुलिस द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम सभाओं, सार्वजनिक स्थलों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक सुश्री उर्मिला चौहान, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक रघुवंशी, जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राजगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान में सहभागी बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।


रिपोर्टर