डीएम रोहतास ने डेहरी अंचल का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश


संवाददाता पारसनाथ दुबे


डेहरी रोहतास।जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्र ने मंगलवार को अंचल कार्यालय, डेहरी का विस्तृत एवं औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व और प्रमाण-पत्र से जुड़े लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन के कड़े निर्देश दिए।


डीएम ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, भूमि अभिलेखों के अद्यतन के साथ-साथ निवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र के लंबित आवेदनों की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि इन मामलों में अनावश्यक विलंब से आम नागरिकों को परेशानी होती है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित किया जाए।


कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, ऑनलाइन पोर्टल पर प्रविष्टियों और लंबित वादों की स्थिति देखने के दौरान कई स्तरों पर कमियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित राजस्व कर्मचारी एवं पदाधिकारियों को जल्द सुधार करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को असुविधा न हो, इसके लिए सभी प्रमाण-पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्गत किए जाएं।


डीएम ने लंबित मामलों की प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर उन्होंने अंचल कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।



बियाडा और पुलिस लाइन क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की शिकायत पर डीएम ने एयरटेल के पदाधिकारी को समस्या सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही चिन्हित जमीन पर यहां एयरटेल का टावर भी लगाया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट